Breaking
Sat. Jul 11th, 2026

रथ यात्रा को लेकर सदर थाना में शांति समिति की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर

चाईबासा: आगामी भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर शनिवार को सदर थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) बहामन टूटी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रथ यात्रा के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रशासन की ओर से सभी लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

शांति समिति के सदस्य त्रिशानु राय ने रथ यात्रा मार्ग में जगह-जगह बने गड्ढों और जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा से पहले सड़क की मरम्मत कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि खराब सड़क के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, इसलिए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

त्रिशानु राय ने यह भी सुझाव दिया कि रथ यात्रा के दिन भीड़ को देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तथा सादे वेश में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि पॉकेटमारी, मोबाइल चोरी, महिलाओं से छेड़छाड़ और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने बैठक में प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि रथ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सभी विभागों के समन्वय से आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

बैठक में सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो, जगन्नाथ मंदिर के पुजारी संजय मिश्रा, पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष निरंजन गोयल, आदिवासी उरांव समाज के अध्यक्ष संचु तिर्की, महावीर मंडल के संरक्षक रंजीत यादव, अध्यक्ष विशाल साव, बसंत खंडेलवाल, राजू यादव, हेमंत केशरी, नीरज पांडेय, सुब्रतो सिन्हा, बसंत यादव, अजय मोहता, बापी कुंडू, तरुण दरिपा, प्रिंस शाह, तपन राय सहित शांति समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Post