जमशेदपुर: सावन माह के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से इस वर्ष भी नि:शुल्क कांवर यात्रा का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को साकची स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 9 अगस्त को जमशेदपुर से 1000 श्रद्धालुओं का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना होगा। यहां से सभी श्रद्धालु जल उठाकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे और जलार्पण के बाद बाबा बासुकीनाथ धाम के भी दर्शन करेंगे। पूरी यात्रा आठ दिनों की होगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा में शामिल होने के लिए पंजीयन प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू होगी। पंजीयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। इसमें 18 वर्ष से अधिक और 60 वर्ष से कम आयु के श्रद्धालु भाग ले सकेंगे। सभी पंजीकृत श्रद्धालुओं को फोटो एवं मोबाइल नंबर युक्त पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से उन्हें यात्रा के दौरान आरक्षित स्थलों पर प्रवेश सहित सभी सुविधाएं नि:शुल्क मिलेंगी।
विकास सिंह ने बताया कि भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं की पहचान आसान बनाने के लिए सभी कांवरियों के लिए एक समान ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। सुल्तानगंज से देवघर तक के कांवर पथ पर धर्मशालाओं और अन्य ठहराव स्थलों की अग्रिम व्यवस्था कर ली गई है। प्रत्येक पड़ाव पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम, स्वास्थ्य सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था रहेगी। ईनारावरण स्थित भूतनाथ धर्मशाला में छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा रावण वध की जीवंत झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी, जो यात्रा का प्रमुख आकर्षण होगी।
संघ की ओर से यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं के लिए बस, ठहरने की व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। संघ ने इच्छुक श्रद्धालुओं से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है, क्योंकि सीटों का आवंटन सीमित संख्या के आधार पर किया जाएगा।

