Breaking
Fri. Jul 10th, 2026

गोड्डा में हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, वारदात की फिराक में होने की आशंका

गोड्डा। गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। मौके से उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मेहरमा थाना क्षेत्र के पहाड़खंड बगीचा में दो युवक हथियार और गोली के साथ घूम रहे हैं तथा किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मेहरमा थाना पुलिस की एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

जब पुलिस टीम पहाड़खंड बगीचा पहुंची, तो दोनों संदिग्ध युवकों ने पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से फरार होने में सफल रहा।

गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के पशाहीचक निवासी 18 वर्षीय विशाल कुमार यादव, पिता बिनोद यादव, के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्तौल बरामद की गई। इसके अलावा मौके से एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या JH17X-9511) भी जब्त की गई है।

इस मामले में मेहरमा थाना कांड संख्या 114/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था और दोनों युवक किस उद्देश्य से इलाके में घूम रहे थे।

इस कार्रवाई में मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक राजकिशोर शर्मा, सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय तथा सहायक अवर निरीक्षक सहदेव प्रसाद सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post