बोकारो। बैंक और क्रेडिट कार्ड अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेने वाले साइबर ठगी गिरोह पर बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रतिबिंब ऐप से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपित व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए संगठित नेटवर्क बनाकर भोले-भाले लोगों को फोन करते और बैंकिंग सेवाओं के नाम पर ठगी का प्रयास करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से मोबाइल, सिम, बैंक पासबुक, नकदी समेत साइबर अपराध में प्रयुक्त कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर 7 जुलाई 2026 को साइबर थाना, तकनीकी शाखा एवं चास थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पटेलनगर, चास से रोहित कुमार दास (23) तथा अंबेडकरपुरी, चास से अर्जुन कुमार दास (28) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर अपराध में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, 9,400 रुपये नकद तथा मोबाइल नंबरों की सूची बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, इसी सूची के आधार पर लोगों को कॉल कर बैंक या क्रेडिट कार्ड कर्मचारी बनकर ठगी का प्रयास किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के अलावा गिरोह के कई अन्य सदस्य भी इस साइबर नेटवर्क से जुड़े हैं। सभी व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से संगठित तरीके से लोगों को फंसाने का काम करते थे। पुलिस अब अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
इस मामले में साइबर अपराध थाना, बोकारो में कांड संख्या 23/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111, 318, 319, 338, 340 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(सी) एवं 66(डी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी दल का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) राम प्रवेश कुमार ने किया। अभियान में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक अनिल कच्छप, पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार पंडित, आरक्षी अवध कुमार, चास थाना की पेट्रोलिंग टीम तथा तकनीकी शाखा, बोकारो के अधिकारी शामिल थे।

