चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से एक नाबालिग प्रेमी युगल को सुरक्षित बरामद किया गया। दोनों घर से बिना बताए ओडिशा के संबलपुर जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी और बाद में यह रिश्ता प्रेम प्रसंग में बदल गया। दोनों संबलपुर में जाकर साथ रहने की योजना बना चुके थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम आरपीएफ प्रभारी रविंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में मनोहरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर नियमित गश्त की जा रही थी। इसी दौरान टीम की नजर एक किशोर और किशोरी पर पड़ी, जो संदिग्ध परिस्थितियों में स्टेशन पर बैठे हुए थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना परिचय मनोहरपुर और गोईलकेरा थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में दिया। दस्तावेजों और जांच के आधार पर दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम पर उनकी बातचीत शुरू हुई थी। इसके बाद मनोहरपुर के साप्ताहिक बाजार में पहली बार आमने-सामने मुलाकात हुई। लगातार संपर्क में रहने के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। परिवार की जानकारी के बिना दोनों ने घर छोड़कर संबलपुर में नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया और इसी उद्देश्य से स्टेशन पहुंचे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने दोनों को संरक्षण में लेकर उनके परिजनों को सूचना दी। सोमवार को चाइल्ड लाइन और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद नाबालिग लड़की को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया, जबकि नाबालिग लड़के को काउंसलिंग और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया।

