Breaking
Fri. Sep 25th, 2026

गोईलकेरा में वज्रपात का कहर, छोटा कुईड़ा गांव की महिला की मौके पर मौत

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा प्रखंड अंतर्गत कदमडीहा पंचायत के छोटा कुईड़ा गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय रोयबारी हेंब्रम सोमवार को बारिश के दौरान घर के आसपास मौजूद थीं। इसी बीच अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गईं। बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। स्थानीय ग्रामीण तुरंत उनकी सहायता के लिए पहुंचे, लेकिन घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कदमडीहा पंचायत की मुखिया द्रौपदी पूर्ती तथा पंचायत समिति सदस्य बुधन पूर्ती मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और प्रशासन को घटना की सूचना दी।

जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों को शीघ्र सरकारी मुआवजा और अन्य राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवार को आवश्यक सहयोग मिल सके।

Related Post