Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

व्यापारी प्रेरणा दिवस पर अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल की बैठक, संगठन विस्तार पर बनी रणनीति

जमशेदपुर: अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव जायसवाल और झारखंड प्रदेश प्रभारी राजकुमार जायसवाल के आह्वान पर व्यापारी प्रेरणा दिवस के अवसर पर झारखंड प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार अग्रहरी के नेतृत्व में विष्णु पुराण स्पेशल होटल में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम के दौरान भामाशाह के जीवन, उनके सामाजिक योगदान और व्यापारिक समाज के प्रति उनकी प्रेरणादायी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि भामाशाह का त्याग, समर्पण और राष्ट्रहित में दिया गया योगदान आज भी व्यापारिक समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार अग्रहरी ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक व्यापारी भाइयों और महिला उद्यमियों को जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने संगठन की एकजुटता, व्यापारियों के हितों की रक्षा और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष चंचल भाटिया, प्रदेश सचिव मनोज मिश्रा, विवेक चौधरी, अंकित अग्रवाल, महिला संगठन की प्रतिनिधि पुष्पलता अग्रवाल, अमरदीप कौर, मंजू रानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं महिला सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Post