Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

ज्वेलरी दुकान में रंगदारी मांगकर चापड़ से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में घुसकर रंगदारी मांगने और विरोध करने पर दुकानदार पर चापड़ से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे का चापड़ भी बरामद कर जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, रोड नंबर-7 स्थित काली मंदिर निवासी ज्वेलरी व्यवसायी प्रेम चंद्र वर्मा की शिकायत पर आरआईटी थाना में कांड संख्या 22/26 दर्ज किया गया। दर्ज प्राथमिकी में रोड नंबर-15 निवासी विशाल मिश्रा उर्फ अपराधी तथा रोड नंबर-23 निवासी आदित्य कश्यप पर आरोप है कि दोनों दुकान में घुसकर रंगदारी की मांग करने लगे। जब व्यवसायी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लोहे के चापड़ से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रविकांत पाराशर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी अभियान चलाया। अनुसंधान के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार लोहे का चापड़ भी बरामद कर लिया गया।

थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विशाल मिश्रा उर्फ अपराधी के विरुद्ध पूर्व में भी बिष्टुपुर थाना में गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post