Breaking
Sun. Oct 11th, 2026

ग्रामीण एसपी ने पोटका और कोवाली के दुर्गा पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल ने रविवार को पोटका और कोवाली थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हाता स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल और हल्दीपोखर के श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल का दौरा किया। उन्होंने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में दुर्गोत्सव संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और अग्निशमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंडालों में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग द्वार बनाए जाएं, ताकि भीड़ के दौरान अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास वाहनों की सुगम पार्किंग व्यवस्था करने और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने का भी निर्देश दिया। ग्रामीण एसपी ने पूजा समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आपसी समन्वय के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने नवरात्र के पहले दिन सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर डीएसपी रोहित कुमार रजवार, कोवाली थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी, पोटका थाना के सब इंस्पेक्टर कुंदन वर्मा, पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज राम और सुरजीत कुंडू सहित संजय कुंडू, जयदेव मुखर्जी, शैलेन गुहा, कैलाश पात्र, बाप्पा सरकार, कृष्णा नंदी, विक्की गुप्ता, सोनू अग्रवाल समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

Related Post