जमशेदपुर: रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी ने रोटरी वर्ष 2026-27 की शुरुआत “Creating Lasting Impact” थीम के साथ शहर में आठ जनसेवा परियोजनाओं का आयोजन कर की। पूरे दिन चले इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, मासिक धर्म स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य, जल संरक्षण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण से जुड़े कई सेवा कार्य किए गए।
नए सत्र में रोटेरियन उमंग झुनझुनवाला ने क्लब अध्यक्ष, विभूति धांध अडेसरा ने सचिव, रक्षा मकाती ने संयुक्त सचिव और कमल मकाती ने कोषाध्यक्ष का कार्यभार संभाला। इस अवसर पर असिस्टेंट गवर्नर प्रमोद दुबे, क्लब के सदस्य, रोटरैक्टर्स, अतिथि और परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत साकची स्थित रेडक्रॉस भवन में रक्तदान शिविर से हुई। इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में टाटा मेन हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मंदार सहित आठ चिकित्सकों और रोटरी परिवार से जुड़े तीन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को समाज में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
बारीडीह स्थित बीएमसी फेरोकास्ट प्राइवेट लिमिटेड में “प्रोजेक्ट पॉजिटिव हेल्थ” के तहत स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर लगाया गया। रोटेरियन जितेश कुमार और दीपक डोकानिया के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 86 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया। कार्यक्रम के दौरान पौधों का भी वितरण किया गया।
मानगो के शेयन इंटरनेशनल स्कूल में 78 छात्राओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता और किशोरावस्था स्वास्थ्य पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन रचना नायर ने किया।
इसी परिसर में पौधरोपण अभियान चलाकर करीब 500 लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता पर विशेष व्याख्यान दिया। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी आदित्यपुर से भी किया गया।
टाटा फुटबॉल अकादमी के जेएफसी यूथ सेंटर में ध्यान और वेलनेस सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी गई।
दिन का समापन साउथ पार्क स्थित सत्य साई संजीवनी अस्पताल में हुआ, जहां 15 नवजात शिशुओं के परिवारों को कंबल वितरित किए गए। अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों को छाछ भी वितरित की गई।
क्लब अध्यक्ष उमंग झुनझुनवाला ने कहा कि रोटरी की पहचान समाज की सेवा से है और नए रोटरी वर्ष की शुरुआत जनसेवा के साथ करना क्लब की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
क्लब सचिव विभूति धांध अडेसरा ने कहा कि समाज में स्थायी बदलाव सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रोटेरियंस, रोटरैक्टर्स, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया।

