Breaking
Wed. Jul 1st, 2026

अच्छी वर्षा और फसल की कामना को लेकर ग्रामीणों ने किया बोंगा-बुरू अनुष्ठान

मझगांव: समय पर वर्षा होने, खेतों को पर्याप्त पानी मिलने और अच्छी फसल की कामना को लेकर मझगांव प्रखंड के माँगापाट गांव में ग्रामीणों ने पारंपरिक बोंगा-बुरू अनुष्ठान का आयोजन किया। ग्राम देवता की पूजा पूर्वजों की परंपरा के अनुसार विधि-विधान से संपन्न की गई।

अनुष्ठान का नेतृत्व गांव के दियुरी लालमोहन तिरिया ने किया। इस दौरान ग्राम देवता की पूजा-अर्चना कर लाल मुर्गे की बलि दी गई। वहीं अविवाहित युवक मधुसुधन तिरिया ने परंपरा का पालन करते हुए उपवास रखा और दियुरी स्नान स्थल से हांडी में जल लाकर नए हांडी के माध्यम से जंताल पूजा स्थल पर जल अर्पित किया।

ग्रामीणों ने बताया कि यह परंपरा पूर्वजों के समय से चली आ रही है। उनका मानना है कि इस पूजा के आयोजन के बाद वर्षा होने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे किसानों को खेती करने में सुविधा होती है और अच्छी पैदावार की उम्मीद रहती है।

कार्यक्रम के दौरान आदिवासी ‘हो’ समाज युवा महासभा की जिला कमेटी के सक्रिय सदस्य सिकंदर तिरिया ने युवाओं से इस पारंपरिक अनुष्ठान से जुड़ने और आने वाले समय में इसकी जिम्मेदारी संभालने की अपील की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और रीति-रिवाजों से जोड़ना आवश्यक है।

इस अवसर पर सनातन तिरिया, गणेश तिरिया, रूपसिंह तिरिया, सागर बोदरा, बनमाली तिरिया, दशरथ तिरिया और राजकिशोर तिरिया सहित गांव के कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Post