चाईबासा: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में पश्चिमी सिंहभूम जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे झारखंड में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 93.41 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का रिकॉर्ड बनाया है। इस सफलता को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में उत्साह का माहौल है।
अभियान के दौरान जिले में पोलियो उन्मूलन के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर कार्य किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 2,329 पोलियो बूथ स्थापित किए, जबकि मोबाइल और ट्रांजिट टीमों को भी सक्रिय किया गया ताकि दूर-दराज और आवागमन वाले क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक भी पोलियो रोधी दवा पहुंचाई जा सके। इस अभियान के तहत जिले के कुल 2,21,997 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई।
अभियान की सफलता में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं, एएनएम, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी के सामूहिक प्रयास से यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रह जाए।
इस उपलब्धि पर सोमवार को उपायुक्त मनीष कुमार ने अभियान से जुड़े सभी स्वास्थ्यकर्मियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, बेहतर समन्वय और जनभागीदारी का परिणाम है।
उपायुक्त ने कहा कि अभिभावकों के सहयोग और विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी के कारण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जिले के लोग स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े अभियानों में इसी तरह सहयोग करते रहेंगे, जिससे पश्चिमी सिंहभूम राज्य में अपनी अग्रणी पहचान बनाए रखेगा।

