Breaking
Sat. Aug 15th, 2026

मझगांव में वज्रपात का कहर, युवक की मौत, चार बच्चे घायल, युवती की हालत गंभीर**

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझगांव थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, चार बच्चे घायल हो गए, जबकि एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। लगातार हुई इन घटनाओं से इलाके में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मंझगांव के क्षेत्रीसाई गांव में दोपहर के समय तेज बारिश के बीच 19 वर्षीय विक्की पिंगुवा अपने घर में चार बच्चों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ मौजूद अंजलि सिरका, आयुष सिरका, कृष्ण मुंडा और अंजू सिरका भी वज्रपात से झुलस गए।

घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण सभी को मंझगांव रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विक्की पिंगुवा को मृत घोषित कर दिया। घायल चारों बच्चों का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर मंझगांव थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।

इसी दिन मंझगांव के नीचे टोला में भी आकाशीय बिजली गिरने की एक और घटना हुई। इसमें 20 वर्षीय मंतारी पिंगुवा गंभीर रूप से झुलस गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे चाईबासा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

एक ही दिन में वज्रपात की दो घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों के भीतर सुरक्षित रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की है। साथ ही मृतक के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से निर्धारित मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Related Post