कोडरमा सतगावां ।। सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहास मुसहरिया गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है। शनिवार की सुबह एक नबालिग किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली । मृतक की पहचान 17 वर्षीय रंजीत मुसहर पिता नरेश मुसहर के रूप में की गई है। मामले की जानकारी देते हुए मृतक के पिता नरेश मुसहर ने बताया कि शुक्रवार की रात सब लोग खाना खाने के बाद सोने चले गए। माता-पिता और अन्य लोग घर के बाहर सोए हुए थे। शनिवार की सुबह जब काफी देर तक रंजीत नहीं उठा तो वह उसे उठाने उसके कमरे में गए। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कमरा अंदर से बंद था। उन्होंने रंजीत को काफी आवाज लगाई फिर भी रंजीत द्वारा दरवाजा नहीं खोला गया और ना ही कोई जवाब दिया गया। उसके बाद शक होने पर उन्होंने कौरकेट की छत पर पहुंचा और ईंट हटाकर देखने पर उन्होंने देखा कि रंजीत कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर झूल रहा था। दरवाजा तोड़कर जब तक वे उसे फंदे से उतारते रंजीत की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि रंजीत का किसी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था । और वह उसी से विवाह करना चाहता था। लेकिन उक्त लड़की के परिजन इस रिश्ते को नामंजूर करते हुए अपनी पुत्री का विवाह किसी और लड़के के साथ तय कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार उक्त युवती का विवाह आज हीं के दिन शनिवार को हो रहा है और उसके घर बारात आ रही है।प्रेमिका के परिजनों द्वारा इस रिश्ते को नामंजूर किए जाने के बाद अत्यधिक शोक और मानसिक आघात के कारण रंजीत ने अपनी प्रेमिका के शादी वाले दिन ही यह कदम उठाया और आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते हीं सतगावां थाना की पुलिस सिहास मुसहरिया गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेते हुए मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस फिलहाल परिजनों से पूछताछ कर रंजीत के शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है। बताते चलें कि नरेश मुसहर के पांच पुत्र हैं जिसमें रंजीत सबसे बड़ा पुत्र था। रंजीत गांव में हीं रहकर आसपास के इलाकों में मजदूरी का काम किया करता था। रंजीत द्वारा इस प्रकार के कदम उठा लेने से और उसकी मौत हो जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जाँच मे जुट गई है ।

