चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव स्थित मुंडा टोला निवासी विजय मुंडा के खेत से में मिले संदिग्ध विस्फोटक को शुक्रवार को भारतीय सेना की बम निष्क्रियकरण एवं निस्तारण (BDDS) टीम ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। पूरी कार्रवाई पुलिस और प्रशासन की निगरानी में की गई, जिससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, गांव में मिला संदिग्ध विस्फोटक लगभग 56 सेंटीमीटर लंबा, 42.5 सेंटीमीटर व्यास का तथा करीब 20 से 25 किलोग्राम वजनी था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे पहले ही सुरक्षित स्थान पर घेराबंदी कर रखा गया था, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम अमित रेनू के निर्देश पर शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोहरपुर डेबिट धोरे, मनोहरपुर थाना प्रभारी धनंजय बैठा, अंचलाधिकारी, स्थानीय मुखिया एवं ग्राम प्रधान की मौजूदगी में भारतीय सेना की बीडीडीएस टीम ने निर्धारित सुरक्षित स्थान पर विस्फोटक का सफलतापूर्वक विनष्टीकरण किया।
पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन किया गया। प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी भी ग्रामीण की जान-माल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और पूरे अभियान को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया गया।

