Breaking
Tue. Jul 28th, 2026

बहरागोड़ा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी चौक के समीप शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले लोगों ने जब शव को पेड़ से झूलते देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान पाटपुर गांव निवासी रवि बेहरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रवि शुक्रवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रात के दौरान वह कब घर से बाहर निकला, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। सुबह उसके शव के मिलने की सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पहुंचे, जहां का दृश्य देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, घाटशिला भेज दिया। घटनास्थल का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।

थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Related Post