जमशेदपुर। शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल साकची स्थित स्टेट माइल रोड पर गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार पाठक के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान चौधरी बिल्डिंग के समीप सड़क पर खड़े कई वाहनों को जब्त किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटने के बाद स्टेट माइल रोड पहले की तुलना में काफी चौड़ी नजर आने लगी, जिससे यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार देखने को मिला और वाहनों की आवाजाही सुगम हो गई।
ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार पाठक ने कहा कि यातायात नियम सभी के लिए समान हैं। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते समय यह नहीं देखा जाएगा कि वाहन मालिक आम नागरिक है या कोई अन्य व्यक्ति। नो-पार्किंग जोन में खड़े सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि साकची समेत शहर के अन्य प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी अतिक्रमण हटाने तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाकर आम लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।

