Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

गोइलकेरा रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा रेलवे क्रॉसिंग के समीप मंगलवार रात दर्दनाक रेल दुर्घटना में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोइलकेरा के क्रिस्तान टोला, धातकीडीह निवासी सुखराम सांडिल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे डाउन लाइन से गुजर रही ट्रेन संख्या 18110 इतवारी-टाटा एक्सप्रेस की चपेट में आने से सुखराम सांडिल गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह पुराना गोइलकेरा की ओर से रेलवे ट्रैक पर चलते हुए फाटक की तरफ आ रहा था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान पहुंचे और एंबुलेंस बुलवाई। हालांकि स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल युवक को करीब एक घंटे तक रेलवे ट्रैक से नहीं हटाया जा सका। इस दौरान युवक ट्रैक पर ही गंभीर अवस्था में पड़ा रहा। घटना के कारण डाउन लाइन पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहा।

बाद में सुखराम सांडिल को गोइलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचने पर रात करीब 12 बजे चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता संजय सांडिल और मां राधे सांडिल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी फोन के माध्यम से मिली। उन्होंने कहा कि सुखराम का व्यवहार अच्छा था और वह मजदूरी का काम करता था। वह मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था। शाम करीब छह बजे उसकी परिवार से फोन पर बात भी हुई थी, जिसमें उसने घर लौटने की बात कही थी। परिजनों ने बताया कि उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद इतनी बड़ी दुर्घटना हो जाएगी।

घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Post