जमशेदपुर। जिला परिषद सदस्य संख्या-9 पूर्णिमा मलिक ने मंगलवार को अपने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। उन्होंने परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह इलाके में सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण तथा जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप करने की अपील की।
पूर्णिमा मलिक ने कहा कि इन क्षेत्रों में लंबे समय से सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, जिसके कारण जगह-जगह कचरा जमा हो रहा है। साथ ही नालों की नियमित सफाई नहीं होने से कई स्थानों पर जलजमाव और गंदे पानी के बहाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने मांग की कि बागबेड़ा की तरह परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह में भी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के माध्यम से नियमित सफाई व्यवस्था लागू की जाए। उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए जुगसलाई नगर परिषद से विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की भी मांग की।
उन्होंने शीतला चौक से व्यंगबिल तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि लगभग तीन वर्ष पूर्व इस सड़क का शिलान्यास किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बरसात शुरू होने से पहले सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की।
करनडीह फाटक के समीप जर्जर नाली का मुद्दा उठाते हुए पूर्णिमा मलिक ने कहा कि नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है और आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल नाली की मरम्मत कराने का आग्रह किया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्णिमा मलिक ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं को लगातार प्रशासन के समक्ष रखा जा रहा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो स्थानीय लोगों के सहयोग से व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

