Breaking
Tue. Jun 9th, 2026

रेलवे क्रॉसिंग पर लापरवाही पड़ सकती है भारी, सिविल डिफेंस ने किया सचेत

जमशेदपुर। अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस के अवसर पर मंगलवार को टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम ने शहर के विभिन्न रेलवे फाटकों और क्रॉसिंगों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान आम लोगों को रेलवे ट्रैक और फाटक पार करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

सिविल डिफेंस टीम ने जुगसलाई और सुंदरनगर रेलवे फाटक सहित कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को रेल दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। इसके साथ ही राहगीरों और वाहन चालकों के बीच हैंडबिल वितरित कर सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया गया। टीम के सदस्यों ने बताया कि अक्सर लोग जल्दबाजी में बंद फाटक के नीचे से निकलने या रेलवे ट्रैक को शॉर्टकट के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं।

अभियान के दौरान लोगों को समझाया गया कि रेलवे फाटक पर पहुंचने के बाद पहले रुकें, दोनों दिशाओं में देखकर यह सुनिश्चित करें कि कोई ट्रेन नहीं आ रही है। सिग्नल और चेतावनी संकेतों पर ध्यान देना भी जरूरी है। फाटक बंद होने की स्थिति में किसी भी हाल में उसे पार करने का प्रयास नहीं करना चाहिए। जहां रोड ओवरब्रिज और रोड अंडरब्रिज की सुविधा उपलब्ध है, वहां उन्हीं का उपयोग करना सबसे सुरक्षित विकल्प है।

सिविल डिफेंस टीम ने जुगसलाई रोड ओवरब्रिज, परसूडीह, करनडीह और सुंदरनगर रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्रों में भी लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारियां दीं। अभियान में शामिल स्वयंसेवकों ने रेलवे अधिनियम के तहत नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई और दंड के प्रावधानों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में सहायक प्रशिक्षक कल्याण कुमार साहू, डेमोंस्ट्रेटर गीता कुमारी, डी. आनंद राव, वीरेंद्र कुमार, अनामिका मंडल, विनोद कुमार, रमेश कुमार, संजय कुमार, दीपक कुमार, सरस्वती मुर्मू और अमित कुमार सहित कई सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा एवं संरक्षा अधिकारी गरियान मृणाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन अनेक कीमती जिंदगियों को बचा सकता है।

सिविल डिफेंस इस्पेक्टर राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने शहरवासियो से अपील किया की रेल पटरियां राज्य,राष्ट्र विकास की प्रगति के लिए बनाई गई है इसे दुघर्टना ग्रस्त, सुसाइड प्वाइ बनाकर भारतिय रेल सम्मान को दागदार न करे क्रासिंग पार करने के नियमो का पालन करे, सॉर्टकट रेल लाईन न पार कर रोड ओवर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज द्वारा ही रेल क्रासिंग, फाटक पार करे,जागरूक,आर्दश नागरिक का परिचायक बने ।

Related Post