Breaking
Mon. Jun 8th, 2026

राष्ट्रीय जनता संघ के दो दिवसीय रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल समापन, खिलाड़ियों और युवाओं का हुआ सम्मान

जमशेदपुर: राष्ट्रीय जनता संघ द्वारा सीतारामडेरा स्थित कम्युनिटी सेंटर परिसर में आयोजित दो दिवसीय भव्य रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 6 और 7 जून को आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई क्रिकेट टीमों ने हिस्सा लिया और खेल भावना, अनुशासन तथा सौहार्दपूर्ण प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

टूर्नामेंट के दोनों दिनों में खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच उत्साह का माहौल बना रहा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहा। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के पहले दिन शहर के वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक, पूर्व जिला खेल संयोजक, राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी अधिकारी और खेल उद्बोधक श्याम शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और सामाजिक एकता को मजबूत करने का सशक्त मंच भी है। खेल जगत में उनके लगभग 43 वर्षों के उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए राष्ट्रीय जनता संघ की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय जनता संघ के संस्थापक शंकर जोशी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं को ऐसा सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें और अनुशासन, एकता तथा खेल भावना जैसे मूल्यों को आत्मसात कर सकें। उन्होंने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है और संगठन भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के कार्यकर्ताओं और युवा साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर महावीर, अरुण दास, अरुण सरकार, धीरज, अमन, लड्डू, तनीश, डुग्गू, राजबीर, रवि राव, सूरज जायसवाल, शुभम, जित्तू, ऋतिक राम, राहिल, राजा, संदीप, हीरा लाल, चंदन कुमार एवं आकाश प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संगठन की ओर से कहा गया कि यही युवा साथी राष्ट्रीय जनता संघ की वास्तविक ताकत हैं, जो हर सामाजिक कार्य और जनसेवा अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनके समर्पण, सहयोग और अथक परिश्रम की बदौलत इस भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो सका।

Related Post