जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के बेलाजुड़ी स्थित जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के वेयरहाउस में कार्यरत लगभग 60 मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को सुलझ गया। पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता दुलाल भुईयां की पहल पर आयोजित बैठक में मजदूरों, कंपनी प्रबंधन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद मजदूरों ने संतोष व्यक्त किया।
बैठक में कंपनी के डायरेक्टर मुकेश खंडेलवाल, मुखिया भागीरथी सिंह, मंडल अध्यक्ष सूरज साहू सहित अन्य लोग मौजूद थे। इस दौरान मजदूरों की समस्याओं और उनकी मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने मजदूरों के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रबंधन के समक्ष ईएसआई, पीएफ, मेडिकल सुविधा, ओवरटाइम भुगतान, आठ घंटे की निर्धारित ड्यूटी और बीमा सुविधा लागू करने की मांग रखी।
दुलाल भुईयां ने कहा कि मजदूर किसी भी उद्योग की रीढ़ होते हैं और उनके अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को कानून के अनुसार सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए। उनकी पहल पर कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों की प्रमुख मांगों को स्वीकार करते हुए आठ घंटे की ड्यूटी सुनिश्चित करने पर सहमति दी। इसके अलावा निर्धारित समय से अधिक कार्य लेने पर ओवरटाइम भुगतान करने का भी आश्वासन दिया गया।
बैठक में मजदूरों के लिए बीमा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। वहीं कार्यरत दो महिला कर्मचारियों के मासिक वेतन में दो-दो हजार रुपये की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। साथ ही कार्य अवधि के दौरान मजदूरों को दो बार नि:शुल्क चाय उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
कंपनी के डायरेक्टर मुकेश खंडेलवाल ने मजदूरों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सभी जायज समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा और श्रमिकों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। बैठक के बाद मजदूरों ने फैसले का स्वागत किया और कहा कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल होने से वे संतुष्ट हैं।
पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने कहा कि भविष्य में भी यदि मजदूरों को किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वे उनके साथ खड़े रहेंगे और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और सभी पक्षों ने आपसी सहयोग के साथ काम करने पर सहमति जताई।

