रांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड दौरे के दौरान पार्टी के पूर्व और वर्तमान नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं को केंद्र में रखकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। बैठक के बाद वह रविवार को रांची से रवाना हो गए, लेकिन जाने से पहले उन्होंने नेताओं को झारखंड में पार्टी की स्थिति की गहन समीक्षा करने और संगठन को नई ऊर्जा देने का स्पष्ट निर्देश दिया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। इसलिए उनकी अनदेखी नहीं होनी चाहिए और उन्हें सम्मान तथा उचित महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों और वर्तमान नेताओं को मिलकर यह समीक्षा करने को कहा कि पार्टी सत्ता से दूर क्यों हुई और किन कारणों से चुनावों में अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने इन चुनौतियों का समाधान खोजने तथा कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय रूप से जोड़कर संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।
इस संबंध में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा संगठन को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नितिन नवीन की बातों से उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। दुलाल भुईयां ने कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया है। उनके बताए मार्ग का हम सभी अनुसरण करेंगे। मुझे उनसे व्यक्तिगत रूप से बातचीत करने का अवसर मिला, जिसमें उन्होंने संगठन विस्तार और जनसंपर्क को लेकर कई प्रेरणादायक बातें साझा कीं।”
बैठक के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास,मधु कोड़ा,अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, पर्व मंत्री अमर बाउरी, बड़कुवर गागराई,सीपी सिंह , सुदर्शन भगत,रविंद्र राय, सांसद बीडी राम और अभयकांत सहाय, दीपक प्रकाश, विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक मेनका सरदार और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित कई वरिष्ठ नेताओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष की अलग-अलग विषयों पर चर्चा हुई। बैठक को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

