Breaking
Sun. Jun 7th, 2026

मरकच्चो में युवक की पीट पीटकर हुई हत्या

कोडरमा। मरकच्चो थाना अंतर्गत प्रेम नगर में बीती रात एक युवक की बेरहमी से पीट पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय अनीश सिंह (पिता स्वर्गीय सुरेश सिंह) के रूप में की गई है। मृतक के चाचा सिकंदर सिंह ने बताया कि बीती रात अनीश मरकच्चो के जामू रोड स्थित रवानी होटल में खाना-पीना कर रहा था। इसी दौरान होटल में मौजूद रवि सिंह, पंकज सिंह, प्रवीण सिंह तथा उनके अन्य कुछ सहयोगी, जो वहां खाना-पीना कर रहे थे के साथ किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया। जिसके बाद अनीश अपने घर चला गया। बाद में वहां हुई बहस को लेकर रवि, पंकज व प्रवीण तथा उनके अन्य 8-10 साथियों ने अनीश को सबक सिखाने के उद्देश्य से 6-7 मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसके घर पहुंच गए। घर पहुंचते ही उक्त सभी लोग अनीश के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान अनीश के भाई, उसकी मां तथा बहन ने झगड़ा शांत कराने की काफी कोशिश की लेकिन हमलावरों ने उनकी एक न मानी और अनीश के भाई के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। वहीं अनीश को उनकी आंखों के सामने घर के फर्श पर कई बार पटक दिया। इधर भाई के साथ इस कदर बेरहमी से हो रहे मारपीट से डर कर अनीश का भाई दौड़कर छत पर भाग गया और शोर मचाने लगा। शोर सुनते ही आसपास के लोग वहां इकठ्ठा हो गए। इतने में सभी हमलावर वहां से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अनीश को मरकच्चो के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज हेतु भर्ती कराया गया। जहां उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए शनिवार की सुबह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इधर घटना के पश्चात मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक पटना में रहकर ट्रक चलाने का काम किया करता था।

Related Post