Breaking
Sun. Jun 7th, 2026

लोवाडीह में कार हादसे के बाद बवाल, चालक की पिटाई; पुलिस से हाथापाई, दो घायल

जमशेदपुर। पटमदा थाना क्षेत्र के लोवाडीह गांव में रविवार को एक कार दुर्घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ। अनियंत्रित होकर दुकान में घुसी कार के चालक और उसके साथी की ग्रामीणों ने पिटाई कर दी, जबकि मौके पर पहुंची पुलिस को भी आक्रोशित लोगों के विरोध और हाथापाई का सामना करना पड़ा। घटना में कार चालक समेत दो लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, परसुडीह के प्रमथनगर निवासी अरूप भंडारी (25) अपने पड़ोसी सुमित सिंह (39) के साथ नेक्सोन कार से जमशेदपुर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में लावजोड़ा हाथीखेदा मंदिर के पास उनकी कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की भी बात सामने आई। वहां से निकलने के बाद कार लोवाडीह गांव पहुंची, जहां चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार पहले सड़क किनारे एक खंभे से टकराई और फिर सीधे सुकु महतो की जनरल स्टोर में जा घुसी। हादसे में दुकानदार और आसपास खेल रहे दो बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कार में सवार अरूप भंडारी और सुमित सिंह को बाहर निकालकर उनकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई और दुर्घटना में अरूप गंभीर रूप से घायल हो गया तथा उसके सिर और शरीर पर चोटें आईं, जबकि सुमित सिंह भी घायल हुआ।

सूचना मिलने पर पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने कार सवारों को तुरंत पुलिस के हवाले करने से इनकार कर दिया। इस दौरान सहायक अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार जब दोनों घायलों को पुलिस वाहन में बैठाने लगे तो कुछ लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और एक घायल युवक को वापस ले जाकर पेड़ के नीचे बैठा दिया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बनी रही।

बाद में थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता ने पीड़ित पक्ष को उचित कार्रवाई और नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना में दुकान और अन्य संपत्तियों को मिलाकर 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Related Post