Breaking
Sun. Jun 28th, 2026

गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने रविवार को घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी पर केंद्र सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि महंगाई से पहले ही परेशान आम लोगों पर यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ है।

परविंदर सिंह ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बीच रसोई गैस महंगी होने से गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार आम जनता की आय बढ़ाने और रोजगार के अवसर सृजित करने में विफल रही है, जबकि आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि घरेलू गैस हर परिवार की जरूरत है और इसकी कीमत बढ़ने से घरों का मासिक बजट प्रभावित होगा। सबसे अधिक असर महिलाओं और सीमित आय वाले परिवारों पर पड़ेगा। कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार से बढ़ी हुई कीमत तत्काल वापस लेने तथा महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और जनहित से जुड़े सवालों पर संघर्ष जारी रखेगी।

Related Post