Breaking
Thu. Jun 25th, 2026

मनोहरपुर स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत, पहचान में जुटी जीआरपी

चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से गिरकर एक यात्री की मौत हो गई। घटना प्लेटफॉर्म संख्या-2 के समीप हुई, जहां ट्रेन से गिरने के बाद यात्री को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही जान चली गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतक शालिमार-कुर्ला एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह ट्रेन के दरवाजे के पास बैठा हुआ था। यात्रा के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह प्लेटफॉर्म के किनारे गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटनास्थल की तलाशी के दौरान जीआरपी को मृतक के पास से मोबाइल फोन, हेडफोन, चार्जर और कुछ नकदी मिली है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान करने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित रहा। राउरकेला-टाटा-बादामपहाड़ पैसेंजर ट्रेन को लगभग आधे घंटे तक रोके रखना पड़ा। बाद में रेलवे कर्मियों और जीआरपी की मदद से शव को ट्रैक क्षेत्र से हटाया गया, जिसके बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई और लोगों में काफी देर तक चर्चा होती रही।

जीआरपी थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाह ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Related Post