Breaking
Tue. May 19th, 2026

लोहरदगा पुलिस की अनोखी पहल, 200 से अधिक जवानों का हुआ हेल्थ चेकअप, एसपी बोले,स्वस्थ पुलिस बल ही सुरक्षित समाज की पहचान*

लोहरदगाः लगातार तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ड्यूटी करने वाले पुलिस जवानों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लोहरदगा पुलिस ने एक सराहनीय पहल की। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी के निर्देश पर सोमवार को पुलिस लाइन बक्सीडिपा में एक दिवसीय विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से पहुंचे 200 से अधिक पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने स्वास्थ्य जांच कराकर चिकित्सीय परामर्श एवं मुफ्त दवाइयों का लाभ उठाया।शिविर में पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जवानों के स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी सलाह दी।

कैंप में पारस हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रमार शिव कृष्ण ने पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं नर्सिंग स्टाफ के नन्दन एवं नीलम ने स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक उपचार में सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के सफल संचालन में पारस हॉस्पिटल की सेल्स एवं मार्केटिंग टीम से तुषार संकर तथा जीडी स्टाफ दीपक कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने इस पहल की जमकर सराहना करते हुए कहा कि व्यस्त ड्यूटी के कारण अक्सर स्वास्थ्य जांच नहीं हो पाती, ऐसे शिविर उनके लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं, ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि पुलिस बल पूरी ऊर्जा और क्षमता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सके। मौके पर मेजर शेरू कुमार रंजन, लोहरदगा सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रत्नेश मोहन ठाकुर सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस जवान उपस्थित रहे। सभी ने पारस हॉस्पिटल की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को पुलिसकर्मियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Post