Breaking
Tue. May 19th, 2026

शास्त्रीनगर में जलसंकट दूर करने की कवायद तेज, पाइपलाइन मरम्मत का काम शुरू

जमशेदपुर। कदमा स्थित शास्त्रीनगर के ब्लॉक नंबर-4, रोड नंबर-3 में पिछले कई दिनों से जारी पेयजल संकट को दूर करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पहल शुरू हो गई है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy के निर्देश पर यूआईएसीएल की ओर से प्रभावित इलाके में अस्थायी रूप से पानी का टैंकर उपलब्ध कराया गया है, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। बताया गया कि अगले चार से पांच दिनों तक टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति जारी रहेगी।

क्षेत्र के लोग बीते पांच दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे थे। स्थानीय निवासियों ने समस्या की जानकारी विधायक सरयू राय को दी, जिसके बाद उन्होंने अपने जनसुविधा प्रतिनिधियों को तत्काल पहल करने का निर्देश दिया। मंगलवार को नीरज सिंह, भीम सिंह और अमरेंद्र मल्लिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल यूआईएसीएल के वाटर डिवीजन के मुख्य प्रबंधक राजीव कुमार से मिला और पूरे मामले से अवगत कराया।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए राजीव कुमार ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजा और पेयजलापूर्ति बाधित होने के कारणों की जांच कराने का निर्देश दिया। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि यदि कम प्रेशर की वजह से जलापूर्ति प्रभावित हो रही है तो संबंधित इलाके में अलग से पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। इसके साथ ही जब तक स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक इलाके में नियमित रूप से पानी का टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

यूआईएसीएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन सुधार कार्य शुरू करा दिया है। वहीं प्रतिनिधिमंडल ने कदमा के टैंक रोड, बंधु पथ और साईं कॉलोनी में नई पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। इस पर मुख्य प्रबंधक ने संबंधित विभाग को तत्काल सड़क मरम्मत कराने का निर्देश दिया और आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में केपी सिंह, डिपल बिस्वास, माधव सिंह, धानू सिंह, राहुल तिवारी, दिनेश त्रिपाठी, रवींद्र राय, मुकेश सिंह, विनोद शर्मा, रॉबर्ट फ्रांसिस और प्रदीप सिंह समेत कई स्थानीय लोग मौजूद थे।

Related Post