Breaking
Tue. May 19th, 2026

पोड़ाहाट जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़, दो उग्रवादियों के मारे जाने की चर्चा

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने पोड़ाहाट जंगल में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ सोनुवा थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में स्थित केड़ाबीर गांव के आसपास हुई, जहां सुरक्षा एजेंसियों को नक्सली दस्ते की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च अभियान शुरू किया।

अभियान के दौरान जंगल में छिपे नक्सलियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ओर से काफी देर तक भारी गोलाबारी हुई। सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि जवानों की जवाबी फायरिंग से नक्सली बैकफुट पर आ गए और घने जंगल व पहाड़ियों का सहारा लेकर भाग निकले।

सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की अपुष्ट खबर सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी शव की बरामदगी या नक्सलियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मुठभेड़ के बाद जंगल में खून के निशान और भागने के संकेत मिलने की चर्चा है। माना जा रहा है कि मुठभेड़ में सालुका कायम दस्ते को बड़ा नुकसान पहुंचा है।

चाईबासा के एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबलों का अभियान अभी भी जारी है और पूरे इलाके की सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में छिपे नक्सलियों की तलाश में लगातार ऑपरेशन चला रही हैं।

पोड़ाहाट के जंगलों में पिछले कुछ समय से सुरक्षाबलों का दबाव लगातार बढ़ा है। लगातार चल रहे अभियान के कारण नक्सली संगठन अपने ठिकाने बदलने को मजबूर हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद सुरक्षाबलों ने अंदरूनी इलाकों में इतनी आक्रामक कार्रवाई की है। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के मूड में हैं।

Related Post