जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्र स्थित कोवाली थाना अंतर्गत मंगलासाईं और आसपास के इलाकों में अवैध पत्थर खनन एवं बिना चालान खनिज परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने रविवार को संयुक्त अभियान चलाया। खनन विभाग और कोवाली थाना पुलिस की टीम ने विशेष जांच अभियान के दौरान एक हाईवा को बिना वैध चालान के बोल्डर परिवहन करते हुए पकड़ा।
जांच के दौरान दस्तावेज मांगने पर वाहन चालक वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद माइनिंग इंस्पेक्टर ने वाहन को जब्त कर कोवाली थाना परिसर में खड़ा कराया। मामले में खनन विभाग द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला खनन पदाधिकारी सतीश कुमार नायक ने बताया कि अवैध खनिज परिवहन रोकने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विभाग ने कार्रवाई के लिए दो विकल्प लागू किए हैं, जिसके तहत सीधे एफआईआर दर्ज करने के बजाय वाहन मालिकों से नियमों के अनुसार 10 गुना तक जुर्माना वसूला जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना चालान खनिज ढुलाई करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य अवैध खनन और सरकारी राजस्व की चोरी पर प्रभावी रोक लगाना है।

