Breaking
Fri. May 8th, 2026

टूइलाडुंगरी में लगातार दूसरे दिन कारों में आग, साजिश की आशंका गहराई

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूइलाडुंगरी स्थित सेकेंड हैंड कार शोरूम में लगातार दूसरे दिन आग लगने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। बुधवार देर रात साईं मोटर्स सेल-परचेज परिसर में खड़ी दो सेकेंड हैंड कारें धू-धू कर जल उठीं। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों तक भी लपटें पहुंचने लगीं। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार देर रात सबसे पहले एक कार से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में कार आग के गोले में तब्दील हो गई और आग ने बगल में खड़ी दूसरी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और गोलमुरी थाना पुलिस को दी। दमकल की टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई, लेकिन तब तक दोनों कारें पूरी तरह जल चुकी थीं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी शोरूम में बुधवार सुबह को भी एक कार में आग लगी थी। उस समय शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को कारण माना गया था, लेकिन लगातार दूसरे दिन हुई आगलगी की घटना के बाद अब लोगों को किसी शरारती तत्व की करतूत होने की आशंका है। इलाके के लोगों का कहना है कि एक ही परिसर में लगातार दो दिन आग लगना सामान्य घटना नहीं हो सकती।

साईं मोटर्स के संचालक ने भी घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि उनकी गाड़ियां अपने आप नहीं जल रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि किसी साजिश के तहत उनके वाहन निशाना बनाए जा रहे हैं। संचालक का कहना है कि बुधवार सुबह को एक कार जली थी और देर रात दो कारों में आग लगा दी गई। यह महज संयोग नहीं हो सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना के दौरान सड़क किनारे कई अन्य वाहन भी खड़े थे। आग की लपटें अगर आगे बढ़तीं तो कई और गाड़ियां इसकी चपेट में आ सकती थीं। इससे बड़ा हादसा होने की संभावना थी। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि रेलवे स्टेशन जाने वाली कालीमाटी सड़क किनारे अवैध रूप से सेकेंड हैंड कारों का शोरूम संचालित किया जा रहा है। सड़क के किनारे लाइन से ‘फॉर सेल’ लिखी गाड़ियां खड़ी रहती हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ हादसे का खतरा भी बना रहता है। लोगों ने कहा कि रातभर सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन पार्क रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती।

गोलमुरी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग दुर्घटनावश लगी या किसी ने जानबूझकर घटना को अंजाम दिया। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से इलाके के लोग सहमे हुए हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Post