Breaking
Thu. May 7th, 2026

कपाली में दिनदहाड़े बैंक एजेंट से डेढ़ लाख की लूट, फायरिंग कर बदमाश फरार

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने आरबीएल बैंक के एक एजेंट को निशाना बनाते हुए लगभग डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। घटना के दौरान बदमाशों ने फायरिंग भी की, लेकिन एजेंट झुक जाने के कारण बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार आरबीएल बैंक के एजेंट नरन भगत कपाली क्षेत्र में ग्राहकों से लोन की राशि की वसूली करने पहुंचे थे। अंसार नगर डेमडुबी मस्जिद हनफिया रज़विया इलाके से कलेक्शन करने के बाद वह पारडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तन्नू जनरल स्टोर के समीप एक युवक ने उन्हें रोक लिया और हथियार निकालकर उन पर गोली चला दी। गोली से बचने के लिए नरन भगत तुरंत झुक गए, जिससे उनकी जान बच गई।

फायरिंग के बाद अपराधी उनका बैग छीनकर मौके से फरार हो गया। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, एक टैब और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि घटना को दो अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया। एक बदमाश पहले से ही कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़ा था। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Related Post