Breaking
Wed. May 6th, 2026

पुरानी रंजिश में भड़की हिंसा, परसुडीह के मकदमपुर में दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव, कई घायल

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के मकदमपुर में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले से ही आपसी विवाद चला आ रहा था, जिसे लेकर पूर्व में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। इसी रंजिश के चलते देर रात एक पक्ष के कुछ युवक दूसरे पक्ष के घर पहुंच गए और विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसा में तब्दील हो गया

पहले पक्ष की ओर से नरगिस परवीन ने आरोप लगाया है कि समीर और उसके साथियों ने उनके घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया गया, परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने इस पूरी घटना के लिए समीर और उसके सहयोगियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, दूसरे पक्ष ने भी नरगिस परवीन और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विवाद की शुरुआत दूसरी ओर से हुई और उनके साथ भी मारपीट की गई। दोनों पक्षों ने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के दौरान हुए पथराव में एक घर का छप्पर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कई अन्य घरों की खिड़कियां और सामान भी टूट गए। इस झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के कारण यह विवाद हुआ है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Related Post