चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में आज खेले गए दो क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद मधुसूदन पब्लिक स्कूल, आसनतलिया और संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में सुबह खेले गए पहले क्वार्टर फाइनल मैच में मधुसूदन पब्लिक स्कूल, आसनतलिया ने गत वर्ष की संयुक्त विजेता टीम सुरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा को चार विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुरजमल जैन डीएवी की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 111 रन बनाए। टीम की ओर से यश यादव और अली अशरफ होदा ने 23-23 रन, अरव पाल ने 18 और नेस्कन हेंब्रम ने 16 रन बनाए।
मधुसूदन पब्लिक स्कूल की ओर से प्रवेश महतो और सावन महतो ने दो-दो विकेट लिए, जबकि त्रिनाथ प्रधान और रौशन सिंह यादव को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मधुसूदन पब्लिक स्कूल ने 16.1 ओवर में 6 विकेट खोकर मैच जीत लिया। त्रिनाथ प्रधान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर 40 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। सावन महतो ने 20 और रौशन सिंह यादव ने 19 रन का योगदान दिया। त्रिनाथ प्रधान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह टीम पहली बार प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंची है।
दोपहर में खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चक्रधरपुर को दस विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए केंद्रीय विद्यालय की टीम 14.5 ओवर में 62 रन पर ऑल आउट हो गई। आमीर परवेज ने 28 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। संत जेवियर्स की ओर से सावन गोप ने 4 विकेट और सरीम सज्जाद ने 3 विकेट लिए। आलोक कुमार महतो और चंदन देवगम को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय ने 7.2 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 64 रन बनाकर मैच जीत लिया। ऋषभ राज ने 26 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए, जिसमें नौ चौके शामिल थे। सावन गोप को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया।
प्रतियोगिता में कल दो और क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह 7 बजे इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन, चक्रधरपुर और शारदा उच्च विद्यालय, बड़ा बैदी के बीच होगा। दूसरा मुकाबला दोपहर 2 बजे संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल, चाईबासा और मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय, आसनतलिया के बीच खेला जाएगा।

