चाईबासा। बुधवार को प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने जल एवं बिजली संकट को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए केंद्र पर बेवजह दोष मढ़ रही है। इसी मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी 7 मई को चाईबासा में बड़ा जनआंदोलन करेगी, जिसमें रैली निकालकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
रैली गौशाला चौक (आकाशवाणी) से शुरू होकर उपायुक्त कार्यालय तक जाएगी। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।
गीता कोड़ा ने अपने बयान में कहा कि “हर घर नल जल” योजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा पर्याप्त राशि दी गई है, लेकिन राज्य सरकार उस राशि का सही उपयोग नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर नहीं देने के कारण आगे की किस्तें भी अटक गईं, जिससे योजनाएं प्रभावित हुईं और जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोग पेयजल के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। अगर योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन होता, तो हालात इतने खराब नहीं होते।
वहीं अन्य नेताओं ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र से मिले फंड के मुकाबले जमीनी काम बेहद कम नजर आता है। कई योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई हैं और आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
भाजपा ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र बनाया जाएगा।

