Breaking
Wed. May 6th, 2026

आहार दिवस पर उपायुक्त मनीष कुमार ने पीडीएस दुकानों का किया निरीक्षण

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में नवाचार के तहत शुरू किए गए “आहार दिवस” के अवसर पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने झींकपानी प्रखंड का दौरा कर जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों में राशन वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने टुटुगुटू पंचायत स्थित अटल वा महिला समिति और डीलर जयराम देवगम द्वारा संचालित पीडीएस दुकानों का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने गोदाम से उठाव किए गए राशन से संबंधित आगत पंजी और वितरण पंजी की जांच की। साथ ही 4जी ई-पोश मशीन के माध्यम से राशन वितरण की प्रक्रिया, तौल मशीन की स्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि राशन वितरण निर्धारित मानकों के अनुसार हो रहा है या नहीं।

मौके पर मौजूद राशन कार्डधारियों से भी उपायुक्त ने बातचीत की और जन वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। उन्होंने चावल और गेहूं की मात्रा, साड़ी-धोती वितरण, नमक सहित अन्य सुविधाओं के बारे में लाभुकों से फीडबैक प्राप्त किया।

निरीक्षण के दौरान मनीष कुमार ने दोनों पीडीएस दुकान संचालकों को निर्देश दिया कि विभाग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पारदर्शिता के साथ राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि राशन से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाओं का प्रदर्शन दुकान पर अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए, ताकि लाभुकों को पूरी जानकारी मिल सके।

इस निरीक्षण का उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है, ताकि पात्र लाभुकों तक समय पर और सही मात्रा में खाद्यान्न पहुंचाया जा सके।

Related Post