Breaking
Wed. May 6th, 2026

सेक्रेड हार्ट स्कूल के हॉस्टल में छात्र की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम

कोडरमा। शहर के सेक्रेड हार्ट स्कूल के हॉस्टल में 10वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध मौत को लेकर सड़क जाम किया गया। कोडरमा के दूधीमाटी निवासी विजय यादव के 17 वर्षीय पुत्र उदित यादव की रविवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने के बाद इसे आत्महत्या की बात कही गयी थी। उदित के हॉस्टल के कमरे में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर में जहां सनसनी फैल गई। वहीं आनन-फानन में विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्र को निजी वाहन से सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने रविवार देर शाम कोडरमा सदर अस्पताल में घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया। इस दौरान स्कूल के एक कर्मी से पूछताछ में कुछ नहीं बताने को लेकर हाथापाई भी हुई। वहीं सोमवार को मृतक का शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा कराया गया। जिसके बाद मृतक के परिजनों ने झुमरीतिलैया में स्कूल के निकट रांची पटना रोड को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया ओर जमकर नारेबाजी की। एसडीओ ओम प्रकाश मंडल, एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार दल बल के साथ पहुंचे और उनके आश्वासन पर जाम हटाया गया। मृतक के बड़े भाई आदित्य कुमार ने बताया कि रविवार को वह अपने भाई से मिलने दो बार स्कूल गए थे। पहली बार दोपहर करीब 2:30 बजे वह उसके गंदे कपड़े लेने पहुंचे थे, जबकि दूसरी बार शाम करीब 5:30 बजे साफ कपड़े और जरूरी सामान देने गए थे। दोनों बार उदित से उनकी सामान्य बातचीत हुई। वह ठीक लग रहा था। घर लौटने के कुछ देर बाद ही स्कूल के एक छात्र ने फोन कर सूचना दी कि उदित की तबीयत अचानक खराब हो गई है। तुरंत स्कूल आने को कहा। इसके बाद आदित्य अपने भाई रोहित के साथ स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने उदित को हॉस्टल के एक कमरे में जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा पाया। परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उदित ऐसा कदम नहीं उठा सकता। इस मामले में कुछ न कुछ संदिग्ध जरूर है।

Related Post