Breaking
Wed. May 6th, 2026

जंगल में मिला महिला का शव, प्रेम संबंध के एंगल पर जांच में जुटी पुलिस

कोडरमा। जिले के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब इंदरवा पंचायत के मलकोको गांव से सटे जंगल में एक 40 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया। सुबह टहलने और मवेशी चराने निकले ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक पहचान में थोड़ी देर लगी, लेकिन बाद में मृतका की पहचान नवलशाही थाना क्षेत्र के धुमाडीह गांव निवासी शकुंतला देवी, पति सुनील ठाकुर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शकुंतला देवी सोमवार शाम अपने एक परिचित व्यक्ति, जिसे उसका प्रेमी बताया जा रहा है, के घर गई थी। बताया जाता है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और प्रेमी के परिवार वालों ने उसे अपनाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद महिला के साथ क्या हुआ, यह अब जांच का विषय बना हुआ है।

थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू—प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

मृतका के पारिवारिक स्थिति की बात करें तो उसके दो बेटियां और एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा अपने पिता के साथ रहता है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और जिस घर में महिला के जाने की बात सामने आई है, वहां के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

Related Post