रामगढ़,* रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बेडवा निवासी 20 वर्षीय मुकेश कुमार महतो के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार महतो बीते मंगलवार को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। बताया जा रहा है कि घर से निकलने से पहले उसका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह नाराज होकर चला गया था।
शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीण जब छोटकी डूंडी पहाड़ स्थित जंगल की ओर गए, तो उन्होंने एक नीम के पेड़ से आर्थिंग तार के सहारे लटका हुआ शव देखा। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस इस घटना को लेकर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

