Breaking
Sat. Aug 15th, 2026

टीसीएस वर्ल्ड 10K में चमके जमशेदपुर के दीपक कुमार, बने प्रोकेम स्लैम फिनिशर

जमशेदपुर : शहर के धावक सह पत्रकार दीपक कुमार ने एक और उपलब्धि अपने नाम करते हुए बेंगलुरु में आयोजित टीसीएस वर्ल्ड 10K मैराथन में शानदार प्रदर्शन किया और प्रोकेम स्लैम फिनिशर बनने का गौरव हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने लंबी दूरी की दौड़ों में अपनी निरंतरता और समर्पण को साबित किया है।

दीपक कुमार ने इससे पहले नई दिल्ली में आयोजित 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, कोलकाता में टाटा स्टील 25 किलोमीटर रन और मुंबई में 42 किलोमीटर फुल मैराथन सफलतापूर्वक पूरी की थी। इन सभी प्रमुख दौड़ों को पूरा करने के बाद अब उन्होंने बेंगलुरु में 10 किलोमीटर की दौड़ भी पूरी कर प्रोकेम स्लैम का खिताब हासिल कर लिया।

बेंगलुरु में आयोजित इस दौड़ में दीपक कुमार ने 10 किलोमीटर की दूरी 59 मिनट 11 सेकेंड में पूरी की। प्रतियोगिता में कुल 15,850 धावकों ने भाग लिया, जिसमें उन्होंने ओवरऑल 5,447वां स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में 12,970 प्रतिभागियों के बीच उन्हें 5,150वीं रैंक मिली, जबकि अपनी आयु वर्ग में 853 धावकों के बीच उन्होंने 304वां स्थान हासिल किया।

दीपक कुमार की इस उपलब्धि से जमशेदपुर के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है और यह शहर के उभरते धावकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

Related Post