चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में आज दो मुकाबले खेले गए, जिसमें मांगी लाल रुंगटा प्लस टू विद्यालय चाईबासा और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चक्रधरपुर ने जीत दर्ज की।
सुबह खेले गए पहले मैच में मांगी लाल रुंगटा प्लस टू विद्यालय चाईबासा ने संत विवेका इंग्लिश स्कूल चाईबासा को छह विकेट से हराया। बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए संत विवेका इंग्लिश स्कूल ने 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए। कप्तान पियुष कुमार ने 68 रन, चंदन प्रसाद ने 31, देवेंद्र शंकर ने 30 और जैद अख्तर ने 29 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में शिवम डे ने दो विकेट लिए, जबकि रितेश कच्छप और शौनक राम को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मांगी लाल रुंगटा प्लस टू विद्यालय ने 19.1 ओवर में चार विकेट पर 199 रन बनाकर मैच जीत लिया। कप्तान आशीष प्रधान ने 89 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि अंशु दास ने 51 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी की। शिवम डे ने 26 रन का योगदान दिया। संत विवेका इंग्लिश स्कूल की ओर से अर्पन मुकुट बालमुचू, दिव्यांशु शेखर और अभिजीत कुमार बेहरा ने एक-एक विकेट लिया। आशीष प्रधान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दोपहर में खेले गए दूसरे मैच में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चक्रधरपुर ने पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर चाईबासा को एक रन से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 151 रन बनाए। आमीर परवेज ने 40 रन, अखिल प्रधान ने 21 और कप्तान साकेत यादव ने 17 रन बनाए। गेंदबाजी में अभिषेक प्रधान और गोपी किशन खंडाईत ने दो-दो विकेट लिए, जबकि प्रीतम कुमार और उज्जवल कुमार शर्मा को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की टीम 18.5 ओवर में नौ विकेट पर 150 रन ही बना सकी। दिग्विजय पाल ने 50 रन, आर्य राज ने 25 और शिवम कुमार ने 13 रन बनाए।
गेंदबाजी में वैभव दत्ता ने तीन विकेट, अमन महतो ने दो विकेट लिए, जबकि दिवाकर, वैभव शर्मा और रौनक घोष को एक-एक विकेट मिला। वैभव दत्ता को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच के दौरान पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के एक खिलाड़ी को दूसरे खिलाड़ी के नाम पर खेलने के कारण जिला क्रिकेट संघ द्वारा प्रतिबंधित कर दिया गया।

