जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश बार एसोसिएशन के हाल ही में संपन्न चुनाव में विजयी हुए वरीय अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ला और अनिल कुमार तिवारी का शहर में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। पंडित मदन मोहन मालवीय सेवा समिति, जमशेदपुर की ओर से रविवार को उनके आवास पर पहुंचकर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष उपाध्याय और महामंत्री कामेश्वर पांडेय ने किया, जहां दोनों नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि राजेश कुमार शुक्ला इससे पहले भी झारखंड प्रदेश बार एसोसिएशन के डिप्टी चेयरमैन रह चुके हैं और इस बार तीसरी बार निर्वाचित हुए हैं। वहीं, जमशेदपुर बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री अनिल कुमार तिवारी पहली बार प्रदेश स्तर पर चुने गए हैं और शहर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस अवसर पर सवर्ण महासंघ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.डी. त्रिपाठी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दोनों अधिवक्ताओं की भारी मतों से जीत न केवल ब्राह्मण समाज बल्कि पूरे जमशेदपुर और झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार प्रदेश बार एसोसिएशन का चेयरमैन जमशेदपुर से चुना जाएगा और यह जिम्मेदारी इन्हीं दोनों में से किसी एक को मिल सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि अधिवक्ताओं के हित में किए गए कार्यों के कारण ही इन्हें यह जनसमर्थन मिला है और यह जीत उनके कार्यों की स्वीकृति है। समारोह में प्रदेश ब्राह्मण महासंघ के संस्थापक सदस्य मुन्ना चौबे, कोल्हान ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष डॉ. दिलीप ओझा, यूथ इंटक के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय ओझा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुन्ना मिश्रा, रविंद्र पांडेय, अरुण चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

