चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्रासाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत पाताहातु गांव के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान अनिल गोप (21 वर्ष), पिता रेमो गोप, निवासी होरलोर गांव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, अनिल गोप पहले छात्र था, लेकिन वर्तमान में पढ़ाई नहीं कर रहा था। घटना के संबंध में मृतक के पिता रेमो गोप ने बताया कि अनिल अपने रिश्तेदार (फूफू) के घर भोया गांव गया हुआ था और देर रात हंटर बाइक से अपने घर लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि पाताहातु गांव के पास सड़क पर अचानक एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में अनिल गोप ने बाइक पर नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे स्थित एक हड़िया गोदाम की दीवार से जोरदार टक्कर मार दी। उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पांड्रासाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।अनिल गोप अपने परिवार में छह भाइयों में सबसे छोटा था और घरवालों का काफी लाड़ला था।
उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

