चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टुंगरी कॉलोनी में शनिवार सुबह 43 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। वहीं पुलिस जांच में जुटी गई है।
मृतक की पहचान जितेंद्र शुक्ला (43 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई शशिकांत शुक्ला उर्फ बुचन ने बताया कि जितेंद्र शुक्रवार रात तक सामान्य था और घर में ही मौजूद था। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य उसे जगाने पहुंचे तो वह कमरे में चादर के सहारे बने फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया।
परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, जितेंद्र शुक्ला अविवाहित था और लंबे समय से नशे की आदत से जूझ रहा था। बताया गया कि कुछ समय पहले वह गंभीर रूप से घायल भी हुआ था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। हालांकि घटना के पीछे के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

