चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल न्यू बायपास पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। भालुककोचा और सुकसारी के बीच हुए इस हादसे में एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रेलर बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक और घायल युवक नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक किसी निजी कार्य से चांडिल कॉलेज आए थे और वापस लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और विस्थापित नेता राकेश रंजन महतो की सक्रियता से दोनों घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है और लगातार निगरानी में रखा गया है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि पिछले करीब 30 घंटों से चांडिल न्यू बायपास पर लंबा जाम लगा हुआ है, जिसके कारण सड़क पर अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण भारी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया गया होता तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही।
फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

