Breaking
Fri. Apr 17th, 2026

खम्हारबेंदी में प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा, हजारों श्रद्धालु शामिल

बोकारो/चंदनकियारी: खम्हारबेंदी स्थित भगवान परशुराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के अवसर पर शुक्रवार को दामोदर नदी से जल उठाकर भव्य कलश यात्रा सह शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

कलश यात्रा दामोदर नदी तट से विधि-विधान के साथ प्रारंभ हुई, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर जल उठाया। इसके बाद गाजे-बाजे और जयघोष के साथ शोभायात्रा आगे बढ़ी। परंपरागत रूप से ढाक, मदन भेंड़ी, ताशा पार्टी, बैंड पार्टी के साथ-साथ पंकज डीजे इस यात्रा का विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालु “जय श्री परशुराम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ पूरे मार्ग में भक्ति भाव से सराबोर नजर आए।

यह भव्य यात्रा दामोदर नदी से निकलकर पुपुनकी, भूतनाथ मंदिर, योधाडीह मोड़ होते हुए खम्हारबेंदी स्थित परशुराम मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा विशेष व्यवस्था की गई थी। कलश लेकर चल रही महिलाओं को पुपुनकी टोल प्लाजा के समीप वाहनों में बैठाकर चंदनकियारी रोड तक पहुंचाया गया, जिसके बाद सभी श्रद्धालु पुनः पैदल मंदिर के लिए रवाना हुए।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को वन-वे किया गया था। चास मुफ्फसिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग में मुस्तैदी से तैनात रहे, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

यात्रा के दौरान श्याम आनंद सेवाश्रम में श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल एवं शर्बत की व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। आयोजन समिति के सभी सदस्य पूरी तत्परता के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए।

इस भव्य धार्मिक आयोजन में चास, चंदनकियारी, बोकारो सहित पाड़ा (पश्चिम बंगाल) के श्रद्धालु एवं समिति सदस्य बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं। पूरे क्षेत्र में इस महायज्ञ को लेकर श्रद्धा, आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Related Post