Breaking
Mon. May 25th, 2026

उत्पाद सिपाही परीक्षा विवाद: चाईबासा में उग्र प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन

चाईबासा। उत्पाद सिपाही बहाली परीक्षा में कथित प्रश्न पत्र लीक और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर रविवार को चाईबासा में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के पोस्ट ऑफिस चौक पर बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र बाजार में 10 से 15 लाख रुपये तक में बेचे गए, जिससे पूरी चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका कहना था कि हाल ही में 164 नकलचियों की गिरफ्तारी इस बात का प्रमाण है कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह से विफल हो चुकी है।

वक्ताओं ने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आने से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकार में जा रहा है और उनका मनोबल लगातार गिर रहा है। उन्होंने इसे युवाओं के साथ अन्याय बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

आंदोलनकारियों ने मांग की कि वर्तमान परीक्षा को तत्काल रद्द कर नई और निष्पक्ष परीक्षा आयोजित की जाए। साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।

प्रदर्शन में प्रताप कटिहार महतो, राकेश पोद्दार, हेमंत केसरी सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा।

Related Post