जमशेदपुर: सोनारी स्थित आर.एम.एस. हाई स्कूल, खुटाडीह अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सिल्वर जुबली वर्ष मना रहा है। इस अवसर पर शुक्रवार को विद्यालय परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रबंधन ने संस्थान की उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष संजय केडिया, उपाध्यक्ष मनीष जैन एवं कुमुद अग्रवाला, सचिव सुशील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजीव बधान, सौरभ चौधरी, सहायक सचिव वंदना जैन, ट्रस्टी अगिवाल, सुविनिर टीम के मनोज हारनाथका तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. परिणीता शुक्ला उपस्थित रहीं।
विद्यालय की स्थापना वर्ष 2001 में टाटा स्टील द्वारा राजस्थान मैत्री संघ को हस्तांतरण के बाद स्वर्गीय डी.पी. खारिया के नेतृत्व में की गई थी। शुरुआत मात्र 37 विद्यार्थियों और कक्षा पांच तक के हिंदी माध्यम स्कूल के रूप में हुई थी। आज यह संस्थान सीबीएसई से संबद्ध 10+2 अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय के रूप में विकसित हो चुका है, जहां वर्तमान में 1,394 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यहां आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। छात्र-छात्राएं शिक्षा के साथ खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। कई विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है, वहीं कुछ का चयन आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में हुआ है।
प्रबंधन ने बताया कि वर्ष 2016 में विद्यालय को कक्षा 10वीं के लिए सीबीएसई की मान्यता प्राप्त हुई थी। शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है।
सिल्वर जुबली के उपलक्ष्य में 5 अप्रैल 2026 को शाम 6 बजे एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में भव्य गाला समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुनीता मुखर्जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सौरभ तिवारी शामिल होंगे।
इस समारोह में लगभग 210 विद्यार्थी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय की 25 वर्षों की यह यात्रा समर्पण, गुणवत्ता और निरंतर प्रगति का प्रतीक रही है, जो भविष्य में भी इसी दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प दर्शाती है।

