Breaking
Fri. Apr 3rd, 2026

भीषण गर्मी में राहत: हरहरगुड्डू–घाघीडीह क्षेत्र में निःशुल्क शुद्ध पेयजल वितरण शुरू, जिप अध्यक्ष बारी मुर्मू की मेहनत रंग लाई

जमशेदपुर । बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए हरहरगुड्डू एवं घाघीडीह क्षेत्र में शुक्रवार को एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई। पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू ने तारापोर कंपनी के पानी टैंकर का विधिवत नारियल फोड़कर और अगरबत्ती दिखाकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही जुस्को के शुद्ध पेयजल का निःशुल्क वितरण शुरू किया गया।

इस दौरान सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग गैलन, जार और बाल्टी लेकर कतारबद्ध नजर आए, जिन्हें शुद्ध पानी उपलब्ध कराकर उनकी प्यास बुझाने का कार्य किया गया। कार्यक्रम से पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से बारी मुर्मू को पगड़ी एवं अंगवस्त्र देकर इस पुनीत पहल के लिए सम्मानित किया।

जिप अध्यक्ष बारी मुर्मू ने बताया कि जिला उपायुक्त कण सत्यार्थी, जुस्को के महाप्रबंधक आर. के. मिश्रा एवं तारापोर कंपनी प्रबंधन को पत्र लिखकर पानी टैंकर के माध्यम से निःशुल्क जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद क्षेत्रों की पहचान कर पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों की संयुक्त कमेटी बनाकर नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि बागबेड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में श्राद्ध, शादी समारोह जैसे अवसरों पर भी प्राथमिकता के आधार पर पानी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि बारी मुर्मू के सतत प्रयासों से इस वर्ष हरहरगुड्डू, घाघीडीह, सोमाय झोपड़ी, प्रेम कुंज चौक और बागबेड़ा क्षेत्र में पेयजल संकट नहीं होने दिया जाएगा। इस पहल के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने बारी मुर्मू के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य प्रभा हांसदा, सुनील गुप्ता, उपमुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य ममता लाल, करुणा दास, समाजसेवी कृष्णचंद्र पात्रों, अशोक मिश्रा, सौरभ प्रधान, रेखा माहली, दिवाकर पांडे, सुनील नामता, मनीष सिंह, बेबी मुखी, रवि माहली, मंगल लागूरी सहित सैकड़ों स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Related Post